मानक नगर में फर्नीचर कारोबारी ने नहर में कूदकर दी जान, कर्ज के दबाव में उठाया कदम
लखनऊ : मानक नगर थाना क्षेत्र के डीआरएम पुलिया के पास से निकली नहर में शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे एक 55 वर्षीय फर्नीचर कारोबारी ने छलांग लगा दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अधेड़ को पानी से बाहर निकाला और लोकबंधु अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मानक नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान पारा थाना क्षेत्र के हंसखेड़ा स्थित पुरानी कांशीराम कॉलोनी निवासी के रूप में हुई है। मृतक हंसखेड़ा में ही फर्नीचर की दुकान चलाता था। शव के पास मिले मोबाइल फोन से पहचान संभव हो सकी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मृतक की बेटी सभा ने शव की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। कर्ज के दबाव के चलते वह काफी समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक मिलनसार स्वभाव का था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से परेशान दिखाई दे रहा था। पुलिस का कहना है कि कर्ज देने वालों की सूची तैयार कर आगे की जांच की जाएगी। नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.