आशियाना में बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, जेवर-नगदी ले उड़े चोर

लखनऊ :  आशियाना इलाके के शारदा नगर योजना रश्मि खंड में बेखौफ चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के कीमती जेवर और हजारों की नगदी पार कर दी। घटना की जानकारी तब हुई जब मकान मालिक एक सप्ताह बाद गांव से लौटे।  रश्मि खंड निवासी मंगल प्रसाद शर्मा ने बताया कि वह 11 जुलाई को अपने पैतृक गांव खेती बाड़ी के काम से गए थे। शुक्रवार को जब वह घर वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो चुके थे।  

पीड़ित के अनुसार, चोरी 15-16 जुलाई की रात करीब 1 बजे हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। मंगल प्रसाद ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी और आशियाना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।  

आशियाना इंस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये नगद चोरी किए हैं।  

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इंस्पेक्टर ने कहा कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।  

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।  

 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.