आलमबाग में किशोर के अपहरण का प्रयास विफल, सूझबूझ से बचाई जान
लखनऊ : आलमबाग के चंदन नगर इलाके में बाइकसवार दो युवकों द्वारा एक किशोर के अपहरण का प्रयास करने का मामला सामने आया है। किशोर की सूझबूझ और पिता की तत्परता से बड़ी घटना टल गई। मामले में आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चंदन नगर निवासी पंकज खत्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित एक बेकरी दुकान में काम करते हैं और देर रात घर लौटते हैं। 14 जुलाई की रात करीब 9:05 बजे उनके बेटे चिराग ने घबराए हुए फोन पर अपहरण की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पंकज तुरंत घर पहुंचे। चिराग ने बताया कि वह शाम को सनातन धर्म मंदिर के पास जूस की दुकान पर गया था। तभी बाइक से दो युवक आए और उससे नाम, क्लास आदि पूछकर चले गए। कुछ देर बाद दोनों युवक बाइक से वापस लौटे और उसे जबरन पीठ के बल बाइक पर बीच में लाद लिया। किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और खुद को छुड़ा लिया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पंकज खत्री के अनुसार, घटना के बाद उन्होंने कंट्रोल रूम पर सूचना दी और स्थानीय चौकी में लिखित शिकायत भी की, लेकिन पहले मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद आलमबाग थाने में केस दर्ज हुआ।
आलमबाग इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशोर के पिता की शिकायत पर जांच के बाद अपहरण के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.