आशियाना से किशोरी लापता, युवक समेत चार पर अपहरण का केस दर्ज

लखनऊ : आशियाना थाना क्षेत्र के भदरुख बंगला बाजार से शनिवार सुबह एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। किशोरी के पिता ने एक युवक और उसके परिवार के तीन सदस्यों पर बहला-फुसलाकर बेटी को ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

भदरुख बंगला बाजार निवासी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जब वह सोकर उठे तो उनकी बेटी जानवी घर पर नहीं थी। आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।पीड़ित पिता के अनुसार, मोहम्मद शरीफ का बेटा समीर पहले भी उनकी बेटी को ले जाने का प्रयास कर चुका है। उस समय समीर ने भविष्य में उनकी बेटी से कोई वास्ता न रखने का आश्वासन दिया था। पवन श्रीवास्तव ने आशंका जताई है कि समीर ने अपनी बहन सिमरन, चाचा इमरान, अमान और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एक राय होकर उनकी बेटी का अपहरण किया है।  

मामले में आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी गई है। आशियाना इंस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि किशोरी के पिता की नामजद तहरीर पर समीर, सिमरन, इमरान और अमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की बरामदगी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। कानून के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।  

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.