बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ में जागरूकता कार्यक्रम
लखनऊ - गोसाईगंज महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' कार्ययोजना के अंतर्गत बुधवार को राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ, गोसाईगंज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महिला सुरक्षा संबंधी सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना था।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पांडेय के आदेशानुसार आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कुसुम वर्मा के दिशा-निर्देशन में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) टीम की सदस्य श्रीमती वंदना द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना,मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना,वन स्टॉप सेंटर योजना,स्पॉन्सरशिप योजना,निराश्रित महिला पेंशन योजना,वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा दिव्यांग पेंशन योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की पात्रता एवं लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई।
साथ ही छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,महिला हेल्पलाइन 181,महिला पावर लाइन 1090,आपातकालीन सेवा 112,एंबुलेंस सेवा 108 एवं 102 सहित अन्य महत्वपूर्ण टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम वर्मा ने बताया कि विद्यालय में कई ऐसे छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं जिनके माता या पिता का निधन हो चुका है। ऐसे बच्चों को शासन की योजनाओं से जोड़कर उनकी शिक्षा एवं भविष्य को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उन्हें समय पर आवश्यक आर्थिक एवं सामाजिक सहायता मिल सके।कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शिक्षिका सुनीता सिंह,अशोक कुमार यादव,सपना सिंह,अर्चना एवं शिवम कश्यप के सहयोग से छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त कर कार्यक्रम की सराहना की।
रिपोर्टर - धीरज
No Previous Comments found.