जनभवन, उत्तरप्रदेश के निर्देशानुसार भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में “नशा मुक्ति पखवाड़ा” का शुभारम्भ

लखनऊ : जनभवन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ में दिनांक 23 जुलाई से 08 अगस्त, 2026 तक “नशा मुक्ति पखवाड़ा” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में नशा-मुक्त जीवन जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, जागरूक एवं सकारात्मक समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है।
पखवाड़ा के अंतर्गत दिनांक 23 जुलाई, 2026 से एक सप्ताह का योग कार्यक्रम भी प्रारम्भ किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसी क्रम में आज दिनांक 24 जुलाई, 2026 को नशा मुक्ति विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय की अतिथि शिक्षिका डॉ. एकता वर्मा एवं सुश्री चाँदनी यादव के निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में लगभग 20 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें प्रथम स्थान राधिका यादव, द्वितीय स्थान विदिशा गांगुली एवं अनमोल गुप्ता तथा तृतीय स्थान अवन्तिका ने प्राप्त किया। विजयी प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस पखवाड़ा के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर एवं इसकी समस्त संघटक इकाइयों में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नशा मुक्ति विषय पर व्याख्यान, योग संगोष्ठी/वेबिनार, साइकिल जागरूकता रैली, पोस्टर एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, नाटक एवं नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, योग कार्यक्रम तथा डॉक्यूमेंट्री/फिल्म प्रदर्शन जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति के समर्थन में सामूहिक शपथ ग्रहण, जन-जागरूकता अभियान तथा विभिन्न स्तरों पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निगरानी हेतु समितियों का गठन भी किया जा रहा है।
यह आयोजन कुलपति प्रो. मांडवी सिंह के मार्गदर्शन एवं कुलसचिव श्री एस. पी. सिंह के प्रशासनिक निर्देशन में सम्पन्न किया जा रहा है। नशा मुक्ति पखवाड़ा अभियान के कार्यक्रम विश्वविद्यालय के डॉ. ज्ञान सिंह पटेल के संयोजन में आयोजित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय एवं इसकी सभी संघटक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
विश्वविद्यालय परिवार द्वारा सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से इस महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि “नशा मुक्त अभियान” के संकल्प को साकार किया जा सके।

रिपोर्टर : मुकेश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.