बिजली विभाग का फर्जी एसडीओ बन 64 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ : टेंडर और सरकारी निर्माण कार्य दिलाने के नाम पर बिजली विभाग के फर्जी एसडीओ बनकर 64 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को आशियाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को थाना क्षेत्र के औरंगाबाद अंडरपास के पास से पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी को संबंधित मुकदमे में कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम देवेन्द्र तिवारी पुत्र राजबली तिवारी बताया है। वह जनपद भदोही के वीरामपुर संत रविदास नगर का निवासी है।पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र स्थित रूचिखण्ड, शारदा नगर, फिरंगीखेड़ा निवासी पीड़ित रामतीरथ पाण्डेय ने 21 नवंबर 2024 को आशियाना थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया था कि आरोपी देवेन्द्र तिवारी ने खुद को बिजली विभाग का एसडीओ बताकर फर्जी पहचान पत्र तैयार किया और पीड़ित को विभाग में टेंडर दिलाने तथा मकान निर्माण का काम दिलाने का झांसा दिया।
भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने अलग-अलग किस्तों और माध्यमों से पीड़ित से कुल 64 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये लेने के बाद आरोपी न तो काम कराया और न ही पैसे वापस किए। लगातार टालमटोल करने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का शक हुआ और उसने थाने में तहरीर दी।मुकदमा दर्ज होने के बाद से आशियाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने औरंगाबाद अंडरपास के पास से देवेन्द्र तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से यह भी पूछताछ कर रही है कि उसने और कितने लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जीवाड़े की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी टेंडर या नौकरी के नाम पर किसी को भी बिना सत्यापन पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.