बैंक में नोट गिनने के बहाने बुजुर्ग से 24,500 रुपये की ठगी, मददगार बनकर आया जालसाज फरार
लखनऊ : बैंक परिसर में पैसे निकालने आए एक बुजुर्ग को नोट गिनने में मदद के बहाने जालसाज ने 24,500 रुपये का चूना लगा दिया। घटना मानकनगर थाना क्षेत्र स्थित कानपुर रोड की स्टेट बैंक शाखा की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मानकनगर थाना क्षेत्र के अमरुदहीबाग निवासी ज्ञान स्वरूप श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 21 जुलाई को वह बैंक से 2 लाख रुपये नकद निकालने गए थे। दोपहर 12:43 बजे कैशियर ने उन्हें नकदी देते हुए नोट गिनकर जांच लेने की सलाह दी। जिस पर वह बैंक में ही बैठकर नोट गिनने लगे।इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके बगल में आकर बैठ गया। खुद को मददगार बताते हुए उसने कहा कि वह नोट चेक करने का सही तरीका जानता है। आरोप है कि बातों में उलझाकर उसने बुजुर्ग के हाथ से 100 नोटों की एक गड्डी ले ली। अफरा-तफरी के बीच उसने गड्डी वापस पकड़ा दी और कुछ ही देर में वहां से गायब हो गया।
कुछ देर बाद जब ज्ञान स्वरूप श्रीवास्तव ने दोबारा नोट गिने तो उनके होश उड़ गए। 100 नोटों की गड्डी में से 49 नोट यानी 24,500 रुपये गायब थे। समझते देर नहीं लगी कि मदद के नाम पर युवक ठगी कर भाग गया है। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने मानकनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग की तहरीर के आधार पर जांच के बाद शुक्रवार को चोरी और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बैंक परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी जालसाज युवक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से पैसा निकालने के बाद नोट गिनते समय किसी अंजान व्यक्ति से मदद न लें। किसी पर भरोसा करने से पहले बैंक कर्मी या गार्ड की सहायता लें ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.