तेलीबाग में रिश्तेदार युवक-युवती ने फांसी लगाकर दी जान, परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे

लखनऊ : राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। तेलीबाग स्थित न्यू बलदेव विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे रिश्ते में चचेरे भाई-बहन लगने वाले युवक और युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं थे।  

थाना प्रभारी पीजीआई के अनुसार दिनांक 26.07.2026 को दोपहर करीब 01:00 बजे सूचना मिली कि न्यू बलदेव विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे एक युवक और युवती ने फांसी लगा ली है। सूचना पर पीजीआई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि मकान के प्रथम तल के पीछे वाले कमरे में 21 वर्षीय अनिकेत उर्फ रानु कुमार पुत्र श्री राम अवतार, निवासी जनपद शाहजहांपुर और 18 वर्षीय अंजलि, निवासी खोड़ा कॉलोनी, नोएडा सीलिंग फैन से अलग-अलग कपड़े के फंदे से लटके मिले। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।  

प्रारम्भिक पूछताछ और साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन उनके परिजन इस संबंध के खिलाफ थे। इसी तनाव के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट टीम ने साक्ष्य संकलन का काम किया। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।  

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फील्ड यूनिट से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।  


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.