कैसरबाग में फायरिंग कर युवक को घायल करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद

लखनऊ :  पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की पश्चिमी जोन स्थित कैसरबाग पुलिस ने फायरिंग कर एक युवक को घायल करने के मामले में 24 घंटे के अंदर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर समेत जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।   थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र के अनुसार दिनांक 27.07.2026 की रात करीब 12:15 बजे डायना कैफे में लाला उर्फ राहुल और शीबू खान के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद को सुलझाने मो० सिराज मौके पर पहुंचा और दोनों को समझाकर शांत कराया। बाद में पायनियर कैफे के पास दोनों पक्षों में फिर से गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी मो० सिराज ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में वादी हर्षित सोनकर के दोस्त अनस के पैर में गोली लग गई।  

इस संबंध में वादी हर्षित सोनकर पुत्र स्व० कुँवर सोनकर, निवासी पीर जलील खटिकाना, कैसरबाग बस स्टैण्ड के पास ने थाना कैसरबाग में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर धारा 191(2)/126(2)/109(1)/352/351(3) बीएनएस, 3(1)(द)(ध)/3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आर्म्स एक्ट की धारा 27/30 की भी वृद्धि की गई।  

प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने दिनांक 28.07.2026 को समय करीब 02:10 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी मो० सिराज पुत्र अब्दुल सलाम, निवासी 405/4 चौपटिया रोड सराय माली खां, थाना ठाकुरगंज, उम्र 47 वर्ष और लाला उर्फ राहुल उर्फ देवेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र बेनी प्रसाद, निवासी एमएमडी1/516 एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड, थाना आशियाना, उम्र 43 वर्ष को गिरफ्तार किया।   गिरफ्तारी के समय आरोपियों के कब्जे से 1 लाइसेंसी 32 बोर रिवाल्वर, 1 खोखा कारतूस .32 बोर और 5 जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद हुए। पूछताछ में मो० सिराज ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में पेश किया है। 

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.