दो बेटियां होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाला, किया प्रताड़ित
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में दो बेटियों को जन्म देने की "सजा" एक विवाहिता को इस कदर मिली कि ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया और आए दिन प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता की शिकायत पर कृष्णानगर पुलिस ने मंगलवार को पति समेत 5 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पराग रोड एलडीए कॉलोनी निवासी कपिला गुलयानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2016 में गौरव गुलयानी के साथ हुई थी। शादी के बाद वर्ष 2019 में बेटी आनया और 2020 में दूसरी बेटी वृद्धि का जन्म हुआ।
कपिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष पुत्र चाहता था। दो बेटियां होने के बाद पति गौरव, ससुर अशोक कुमार गुलयानी, सास निशी, ननद नीतू ग्रोवर और नंदोई खुशवंत ग्रोवर ने उसके साथ क्रूर व्यवहार शुरू कर दिया।पीड़िता के अनुसार जून माह में ससुरालियों ने दोनों बेटियों समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया। 112 कंट्रोल नंबर पर सूचना के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से उसे वापस घर में प्रवेश तो मिला, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
तहरीर में कपिला ने कहा कि इसके बाद भी ससुराल वाले उसे रोज गाली-गलौज करते, धमकी देते और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। आखिरकार तंग आकर उसने कृष्णानगर थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई।कृष्णानगर पुलिस ने कपिला की शिकायत पर पति गौरव गुलयानी, ससुर अशोक कुमार गुलयानी, सास निशी, ननद नीतू ग्रोवर और नंदोई खुशवंत ग्रोवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.