सरेराह बुजुर्ग की डंडे-लातों से पिटाई, दबंग युवक के खिलाफ कृष्णानगर में मुकदमा दर्ज
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दबंग युवक ने सड़क किनारे खड़े 62 वर्षीय बुजुर्ग को डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिंधु नगर निवासी नरेश मंध्यान उम्र 62 वर्ष ने कृष्णानगर थाने में दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह मोहल्ले में पुलिया के पास खड़े थे। तभी बाराबिरवा का रहने वाला गौरव अवस्थी वहां पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगा।
गाली देने के बाद आरोपी ने हाथ में मौजूद लाठी से नरेश पर हमला बोल दिया और लात-घूंसों से भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। लोगों को आता देख आरोपी गौरव धमकी देते हुए वहां से भाग निकला। घटना के बाद बुजुर्ग ने 112 कंट्रोल नंबर पर सूचना दी और फिर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर आरोपी गौरव अवस्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
रिपोर्टर - अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.