पेट डॉग टहला रहे युवक की गर्दन पर चाकू से हमला कर फरार हमलावर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार।

लखनऊ :  राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल आलाकत्ल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को जाफरखेड़ा निवासी संदीप कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि सोमवार की रात वादी संजीव का भाई 23 वर्षीय अभय कुमार अपना पेट डॉग टहला रहा था। इसी दौरान नामजद अभियुक्त अशोक कुमार ने पुरानी रंजिश के चलते अभय कुमार के गले पर  चाकू से वार कर उसकी हत्या करने की कोशिश की और वारदात के बाद फरार हो गया।  घटना के बाद सक्रिय हुई कृष्णानगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार तलाश की। आखिरकार बुधवार को भोलाखेड़ा-कनौसी रेलवे फाटक के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ महीने पहले वह रेलवे फाटक के पास एक ऑटो से चोरी का प्रयास कर रहा था, लेकिन संदीप ने उसे देख लिया था, जिससे उसकी चोरी नाकाम हो गई। इसी बात की रंजिश में उसने बदला लेने की योजना बनाई और मौका मिलते ही संदीप के भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार (40 वर्ष), निवासी जाफरखेड़ा, थाना कृष्णानगर के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया है। कृष्णानगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गंभीर वारदात के आरोपी को 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता मिली है।

 रिपोर्टर :  उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.