बोरा फाउंडेशन और सेवा अस्पताल का 91वां नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 148 निवासियों ने उठाया लाभ

लखनऊ : स्वास्थ्य सेवाओं को हर वर्ग तक आसानी से पहुँचाने के उद्देश्य से बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर क्यू, अलीगंज (लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र) में 91वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशाल चिकित्सा शिविर में लखनऊ उत्तर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दिनभर चले इस शिविर में कुल 148 लोगों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य जांच व परामर्श का लाभ उठाया। मुफ्त जांच, दवाएं और आयुष्मान कार्ड वितरण शिविर में आए मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन और अन्य आवश्यक शारीरिक जांचें की गईं। जांच के उपरांत पात्र मरीजों को नि:शुल्क दवाएं और नजर के चश्मे वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाने के लिए मौके पर ही 50 पात्र लाभार्थियों के नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। वरिष्ठ चिकित्सकों ने दी सलाह* सेवा अस्पताल के प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के लिए लोगों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर में पीर मोहम्मद (घुटनों का दर्द), विशाल दीक्षित व शशि मिश्रा (बुखार-जुकाम), आशुतोष सिंह (एड़ी का दर्द) सहित सुदीप, मोनू, उमा, राम चंद्र, अरुण, चंपा देवी, निहाल, मधु और धर्मेंद्र जैसे दर्जनों मरीजों का उपचार कर दवाएं दी गईं। निःशुल्क एवं सटीक चिकित्सा सहायता मिलने पर स्थानीय निवासियों ने सेवा अस्पताल की मेडिकल टीम और बोरा फाउंडेशन के इस सामाजिक प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.