"गुरुदेव तुमको सौ-सौ नमन" के जयघोष से गूंजा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान आचार्य श्री सुबल सागर जी महाराज का मंगल चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव धूमधाम से संपन्न
लखनऊ : दिगम्बर जैन परंपरा में तपस्वी सम्राट आचार्य सन्मति सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, परम पूज्य आचार्य श्री सुबल सागर जी महाराज का 'सप्त ऋषि मुनि संघ' के सानिध्य में वर्ष 2026 का ऐतिहासिक मंगल चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्यता एवं उल्लास के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सुबल सागर जी महाराज ने संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा— "जिनके पास संस्कार हैं, वही वास्तव में मनुष्य हैं। संस्कारविहीन जीवन राक्षस के समान है। जीवन का वास्तविक कल्याण अच्छे संस्कारों से ही संभव है। आज पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से दूर रहकर बच्चों में गुरुकुल परंपरा वाले मूल्यों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। चार माह के इस चातुर्मास में संस्कारों का बिगुल बजेगा और बच्चों को उत्तम धार्मिक व नैतिक शिक्षा दी जाएगी।"
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, आदर्श व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष संजय गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (अवध प्रांत) के वरिष्ठ प्रचारक कौशल जी व अनिल जी, राष्ट्रीय कवि सर्वेश अस्थाना तथा मुकुल महान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इंदिरा नगर जैन मंदिर समिति के महामंत्री अभिषेक जैन एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मंगलाचरण: चौक महिला मंडल की 12 महिलाओं के समूह ने "जिनके दर्शन के लिए तरसते हैं लाखों नयन, गुरुदेव तुमको सौ-सौ नमन" गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर चातुर्मास महोत्सव का शुभारंभ किया।
भक्ति नृत्य: डालीगंज एवं इंदिरा नगर महिला मंडल द्वारा "पूरी नगरी आज सजाओ" पर भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
इसके पश्चात पारंपरिक विधि-विधान से चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
महापौर ने लिया सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने आचार्य श्री से आशीर्वाद लेते हुए कहा कि गुरुओं की तपस्या और आशीर्वाद से ही संसार का कल्याण होता है। उन्होंने गुरुदेव से प्रार्थना की कि लखनऊ में सदैव सुख-शांति बनी रहे और शहर स्वच्छता में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करे।
कार्यक्रम के दौरान समिति के महामंत्री अभिषेक जैन ने महापौर से लखनऊ के विद्यालयों में आचार्य श्री के प्रवचन आयोजित कराने का अनुरोध किया, जिससे नई पीढ़ी को नैतिक और सामाजिक संस्कारों से जोड़ा जा सके।
4 माह तक इंदिरा नगर जैन मंदिर में होंगे अनुष्ठान
कलश स्थापना के साथ ही चातुर्मास का शुभारंभ हो गया है। आगामी 4 महीनों तक जप, तप, नियम और साधना के सभी धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजन दिगम्बर जैन मंदिर, इंदिरा नगर में संपन्न होंगे।
इस पावन अवसर पर संजीव जैन, पी.के. जैन, सुबोध जैन, जागेश जैन, अभिषेक जैन, अनुरोध जैन, अरविंद जैन, ऋषभ जैन, दिव्या जैन, विशाल जैन, दिल्ली से पधारे बच्ची लाल जैन, नेम कुमार जैन, हंसराज जैन, धीरज कुमार, विमल चंद्र जैन सहित प्रदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह
No Previous Comments found.