आशियाना पुलिस की बड़ी सफलता: रेकी कर बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद।
लखनऊ : पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के मध्य जोन की आशियाना थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (UP32RL2071) भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को रिक्शा कॉलोनी, जय हिंद स्कूल के निकट निवासी जान मोहम्मद ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत आशियाना थाने में दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना आशियाना पर मुकदमा संख्या 194/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 29 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे देबीखेड़ा रोड मोड़ से दो अभियुक्तों फयूम (19 वर्ष) और सलमान (20 वर्ष) निवासी ग्राम घघरा कटिया, थाना बडूपुर, जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों शातिर वाहन चोरों से कड़ी पूछताछ के बाद विधिक कार्यवाही के तहत दोनों को जेल भेज दिया है। वहीं, उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से भी जुटाई जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मवीर शाही, उपनिरीक्षक प्रमीन्दर सिंह, उपनिरीक्षक विजय प्रताप सहित थाना आशियाना की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.