प्रेम, धोखा और मौत! शादीशुदा प्रेमी के साथ रह रही युवती ने दी जान, बहन की तहरीर पर प्रेमी गिरफ्तार
लखनऊ : कृष्णानगर थाना क्षेत्र में एक 42 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। प्रथम तल के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली युवती की मौत के बाद उसकी बहन ने युवती के शादीशुदा प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका शिवानी गुप्ता पिछले करीब चार वर्षों से वरुण श्रीवास्तव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि वरुण पहले से शादीशुदा था, लेकिन वह उसे अपने प्रेमजाल में फंसा रखा था। बाद में जब शिवानी को वरुण के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।
मृतका की बहन आकांक्षा गुप्ता का आरोप है कि वरुण न सिर्फ उसके बहन का शारीरिक और आर्थिक शोषण कर रहा था, बल्कि उसे घर छोड़ने का दबाव भी बना रहा था और जान से मारने की धमकी देता था। इन परिस्थितियों से शिवानी लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। बुधवार शाम शिवानी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
बहन की तहरीर पर कृष्णा नगर पुलिस ने आरोपी प्रेमी वरुण श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। कृष्णा नगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.