युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला प्रेमी भेजा गया सलाखों के पीछे

 लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र क्षेत्र में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर युवती का शारीरिक और आर्थिक शोषण करने, विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर बुधवार की शाम युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।

इस घटना के बाद मृतका की बहन आकांक्षा गुप्ता की तहरीर पर थाना कृष्णानगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी वरुण श्रीवास्तव शादीशुदा था और लंबे समय से शिवानी गुप्ता के साथ लिविंग रिलेशन में था। इस दौरान उसने युवती का लगातार शोषण किया और जब उसने शादी व आर्थिक सहायता की बात कही तो आरोपी ने उससे अभद्रता की और धमकियां दीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि 29 जुलाई को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ था। इसके बाद देर शाम मानसिक रूप से आहत शिवानी ने अपने घर में पहली मंजिल पर पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

हालांकि कृष्णानगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर एलडीए -2 स्थित माता जी की बगिया से आरोपी प्रेमी वरुण श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतका उससे शादी और आर्थिक मदद की मांग कर रही थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और उसने मृतका के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द कहे थे।

कृष्णा नगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह ने बताया कि आरोपी वरुण श्रीवास्तव बी.टेक. शिक्षित है और कृष्णानगर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाता है। संबंधित मुकदमे में उसकी गिरफ्तारी के बाद आज उसे जेल भेज दिया गया है।

 रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.