पति की बेवफाई से आहत महिला पानी की टंकी पर चढ़ी, सरोजनी नगर पुलिस की सूझबूझ से बची जान
लखनऊ : राजधानी के सरोजनी नगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला एयरपोर्ट के निकट स्थित पुरानी पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। महिला की हालत अर्धबेहोशी की होने पर उसे उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान प्रियंका सिंह (35 वर्ष), निवासी हंसपुरम, थाना नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई है। उसने वर्ष 2019 में लखनऊ के गौरी बाजार निवासी अभिषेक उर्फ बबलू वर्मा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कानपुर में रह रहे थे, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते करीब छह माह पहले पति उसे छोड़कर लखनऊ आकर रहने लगा। अस्पताल में भर्ती प्रियंका ने बताया कि पति के अचानक छोड़कर चले जाने से वह मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही थी। उसने इस संबंध में नौबस्ता थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को वह अपने लखनऊ स्थित ससुराल पहुंची, जहां विवाद होने के बाद आहत होकर आत्मघाती कदम उठाने की नीयत से पानी की टंकी पर चढ़ गई। सरोजनी नगर पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से महिला को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने महिला के पति को पूछताछ के लिए बुलाया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.