साधु वेश विवाद पर लखनऊ में विरोध, सद्बुद्धि हवन के बाद पुतला दहन।

लखनऊ : संसद परिसर में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव के साधु वेश धारण करने को लेकर विवाद के बीच गुरुवार को राजधानी लखनऊ में बजरंग दल एवं श्रद्धालुओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पावर हाउस क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सद्बुद्धि हवन एवं प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। आयोजकों ने आरोप लगाया कि इस घटना से हिंदू धार्मिक भावनाएं और संत समाज की गरिमा आहत हुई है।

कार्यक्रम पूजनीय संतों के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सद्बुद्धि हवन किया गया तथा संबंधित घटना के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत समाज और सनातन परंपरा का सम्मान सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार के कथित अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने समाज से सनातन संस्कृति की गरिमा बनाए रखने और संतों के सम्मान के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की मांग की। आयोजकों ने कहा कि उनका उद्देश्य अपनी धार्मिक भावनाओं को शांतिपूर्ण ढंग से व्यक्त करना और समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर अनुराग, सनी भदौरिया, धीरज सोनकर (जिला मंत्री, विहिप लखनऊ दक्षिण), शुभम सिंह गौर (जिला संयोजक, बजरंग दल लखनऊ दक्षिण), सूरज, विक्की, मनीष शुक्ला, संयम, राजवीर, आयुष और वंश सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


 रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.