आशियाना पुलिस का बड़ा गुड वर्क, अज्ञात हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा
लखनऊ : आशियाना थाना क्षेत्र के सालेह नगर तिराहे पर स्विफ्ट डिजायर कार में मिले अज्ञात शव के मामले का आशियाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे में सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, 06 अगस्त की देर रात सालेह नगर तिराहे पर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP33BB8989 में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव की पहचान ज्ञानेन्द्र सिंह, निवासी बरहा, थाना खीरो, रायबरेली के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य वीडियो साक्ष्यों को खंगाला। जांच में सामने आया कि 06 अगस्त को देशी शराब की दुकान पर शराब पीने को लेकर ज्ञानेन्द्र सिंह का कुछ लोगों से विवाद और मारपीट हुई थी। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कार की पिछली सीट पर रखकर आरोपी सालेह नगर तिराहे पर कार खड़ी कर मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या में प्रकाश में आए सचिन उर्फ चाइना (30) और जितेन्द्र उर्फ जीतू (37), दोनों निवासी भदरूख, बंगला बाजार, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को औरंगाबाद अंडरपास, थाना आशियाना क्षेत्र से 08 अगस्त को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में आशियाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस की त्वरित जांच, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड का जल्द खुलासा करना आशियाना थाना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.