तेज रफ्तार कार की टक्कर से नहर में गिरा एलआईसी एजेंट, मौत

लखनऊ :  मानकनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक हादसे में अपनी बेटी को स्कूल से बाइक से घर लेकर लौट रहे 50 वर्षीय एलआईसी एजेंट की शारदा नहर में गिरने से मौत हो गई। आरोप है कि तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अधेड़ अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरे, जबकि उनकी 9 वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार कृष्णानगर के खुशी विहार कॉलोनी, कन्नौसी निवासी रवि कुमार कुशवाहा सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बेटी वर्षिता को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। डीआरएम पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रवि नहर में जा गिरे, जबकि बेटी सड़क पर गिर गई। पिता को नहर में गिरता देख मासूम बेटी चीख-पुकार करने लगी। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि काफी देर तक पुलिस की मदद नहीं पहुंची, जिससे नाराज लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। बताया गया कि हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद मानक नगर पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर रवि कुमार को नहर से बाहर निकाला। उन्हें एम्बुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता शंकर लाल ने बताया कि रवि लालबाग स्थित एलआईसी शाखा में एजेंट के रूप में कार्य करते थे। परिवार में पत्नी सुनीता, बेटा अनिकेत और बेटी वर्षिता हैं।


रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.