दुकान का शटर तोड़कर पान मसाला और गुल्लक में रखे लाखों रुपये चोरी, पीड़ित ने दी तहरीर

मोहनलालगंज/लखनऊ : मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के कनकहा के फत्तेखेड़ा में रायबरेली रोड स्थित परचून की दुकान का शटर तोड़कर चोर पान मसाला और मिट्टी की गुल्लक में रखे करीब दो से तीन लाख रुपये चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने मोहनलालगंज थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने कनकहां चौकी पुलिस पर सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के मुताबिक फत्तेखेड़ा मजरा कनकहां निवासी राम प्रताप पुत्र राम किशुन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह रायबरेली रोड पर परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। बीते शनिवार की रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। रात करीब 3:36 बजे गांव के लोगों ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी।सूचना मिलते ही राम प्रताप दुकान पर पहुंचा तो शटर आधा खुला मिला। उसने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर 112 पुलिस के साथ चौकी पुलिस भी पहुंची और दुकान की जांच कर वीडियो बनाया गया। पीड़ित के मुताबिक, दुकान की जांच करने पर एक बोरी पान मसाला गायब मिली। इसके अलावा करीब तीन वर्ष से मिट्टी की बड़ी गुल्लक में बचत के लिए जमा किए जा रहे 200 और 500 रुपये के नोट भी चोर गुल्लक तोड़कर ले गए। पीड़ित ने गुल्लक में करीब दो से तीन लाख रुपये होने की बात कही है।पीड़ित का आरोप है कि उसने रविवार को सुबह कनकहां चौकी प्रभारी को घटना की सूचना देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस चौकी की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित के अनुसार दुकान में चोरी करने वाले संदिग्धों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस द्वारा देखी भी जा चुकी है, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उसे निराशा है। इसी को लेकर उसने अब मोहनलालगंज थाने में लिखित तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

कनकहा पुलिस चौकी की कार्यशैली पर सवाल

चोरी जैसी घटना की सूचना मिलने और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पीड़ित द्वारा कार्रवाई में देरी का आरोप लगाए जाने से कनकहां पुलिस चौकी की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से मामले में जांच के बाद ही चोरी की रकम और घटना में शामिल आरोपियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच कराई जाएगी। सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.