पागल’ कहकर महिला को धमकाया, विरोध किया तो चेहरे पर फेंक दी खौलती चाय! आलमबाग में सनसनी

लखनऊ : आलमबाग इलाके में एक महिला के साथ कथित तौर पर दबंगई और हिंसा का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बाजार में सामान लेने गई महिला को एक युवक ने पहले ‘पागल’ कहकर धमकाया, विरोध करने पर गुस्से में आकर चाय की दुकान पर रखी गर्म चाय उसके ऊपर फेंक दी, जिससे वह झुलस गई।

आलमबाग थाना क्षेत्र के सुजानपुरा निवासिनी पीड़िता सुषमा पत्नी रंजीत के मुताबिक वह बीते 18 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे सुजानपुर बाजार में अपने बच्चे के लिए सामान लेने गई थी। चाय की दुकान के पास मौजूद हैदर अली निवासी ओम नगर, आलमबाग ने कथित तौर पर उसे पागल कहते हुए धमकी दी। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी का गुस्सा और भड़क गया और उसने दुकान पर बन रही गर्म चाय महिला के ऊपर फेंक दी।

घटना के बाद महिला के पति रंजीत कुमार और पुत्र श्रीराम उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए। उपचार और दवा लेने के बाद महिला ने पति के साथ आलमबाग थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना को आसपास मौजूद कई लोगों ने देखा। आलमबाग थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बाजार में महिला के साथ कथित तौर पर ऐसी हरकत क्यों की गई और गर्म चाय फेंकने जैसी गंभीर घटना को अंजाम देने के पीछे आरोपी की क्या वजह थी? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।


 रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.