बाबा के दिव्य श्रृंगार के साथ रुद्राभिषेक एवं भव्य भंडारे का आयोजन सम्पन्न
लखनऊ। आशियाना क्षेत्र स्थित शारदा नगर योजना, फिरंगी खेड़ा में स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में सावन मास के उपलक्ष्य में भव्य रुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के संस्थापक संजय यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बाबा भोलेनाथ का फल-फूल, माला एवं मिष्ठान से आकर्षक और दिव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया तथा श्रद्धालुओं को महादेव की महिमा से अवगत कराया।
रुद्राभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में उपस्थित रहे। भक्तों ने भगवान शिव की आरती कर जयकारे लगाए। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थापक संजय यादव की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। देर शाम तक सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने पहुंचकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
No Previous Comments found.