शारदा नहर में मिले अधेड़ और युवक के शव, दोनों की नहीं हो सकी शिनाख्त

लखनऊ : मानक नगर और कृष्णानगर थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली शारदा नहर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर के रेगुलेटर में एक अधेड़ और एक युवक के शव फंसे मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर मानक नगर और कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम और गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों मृतकों की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन देर तक शिनाख्त नहीं हो सकी। मानक नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह के मुताबिक, दोनों शव करीब दो दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। लगातार पानी में पड़े रहने के कारण शव काफी फूल चुके थे। मृतकों की उम्र करीब 40 वर्ष और 20 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार करीब 20 वर्षीय युवक के दाहिने हाथ पर ‘महाकाल’ लिखा हुआ टैटू बना है। इसी पहचान के आधार पर भी पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। दोनों थानों की पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

 एक शव की पहचान को लेकर सामने आया अहम सुराग 

पुलिस के मुताबिक, भोला खेड़ा चौकी में प्रिंस कुमार पुत्र रमेश, निवासी कनौसी फाटक, मानक नगर थाना कृष्णानगर, मूल निवासी ग्राम गरियाल खेड़ा, पोस्ट औरास, थाना औरास, जनपद उन्नाव की गुमशुदगी की रिपोर्ट 24 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे दर्ज कराई गई थी। पहचान के लिए दिए गए हुलिए में प्रिंस कुमार के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू, उंगली और अंगूठे के बीच ‘PK’ अंकित होने तथा दाहिना कान छिदा होने की जानकारी दी गई थी।

बताया जा रहा है कि नहर से मिले एक मृतक के शरीर पर बताए गए कुछ पहचान चिह्न मौजूद थे। हालांकि, परिजनों द्वारा तत्काल पहचान किए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस अब गुमशुदगी के रिकॉर्ड, पहचान चिह्न और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शव की शिनाख्त की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

 सोमवार रात से चल रहा था दोनों युवकों की तलाश का अभियान 

बता दें कि सोमवार रात मानक नगर थाना क्षेत्र के कनौसी स्थित शारदा नहर में दो युवकों के गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही मानक नगर और कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम की मदद से नहर में गिरे दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे तक चले सर्च अभियान के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली, जिसके बाद रात करीब 12:30 बजे अभियान रोक दिया गया। मौके पर एंबुलेंस टीम भी मौजूद रही।

मंगलवार सुबह से दोपहर करीब 2 बजे तक एसडीआरएफ टीम ने दोबारा सर्च अभियान चलाया, लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह नहर में दोनों व्यक्तियों के शव पानी में फूलकर ऊपर आ गए और रेगुलेटर में फंस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों थानों की पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

रिपोर्टर - उमेश विश्वककर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.