NPCI कर्मचारी बनकर जालसाजों ने युवती से ठगे साढ़े 15 लाख रुपये
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में साइबर जालसाजी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक युवती को फोन कर खुद को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) का कर्मचारी बताया और पॉलिसी सरेंडर की रिक्वेस्ट आने की बात कहकर उसे अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद कॉलर के बताए बैंक खाते में युवती से 15 लाख 47 हजार 950 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
कृष्णानगर क्षेत्र स्थित माया राज विला निवासी प्रियम भावनानी पुत्री स्वदेश कुमार भावनानी के मुताबिक, बीती 29 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम श्याम नारायण दूबे बताया और खुद को एनपीसीआई का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके नाम से पॉलिसी सरेंडर की रिक्वेस्ट आई है।कॉलर की बातों पर विश्वास कर युवती ने उसके बताए सीए यासीन के एक्सिस बैंक खाते में कुल 15,47,950 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम ट्रांसफर करने के बाद युवती को जब मामले की जानकारी हुई तो उसे ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत की और कृष्णानगर थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ नामजद तहरीर दी। शिकायत के आधार पर कृष्णानगर पुलिस ने मंगलवार को नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ बैंक खाते और रकम के ट्रांजेक्शन से जुड़े विवरण खंगाल रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.