मोबाइल फोन हैक कर जालसाजों ने खाते से उड़ाए 2.03 लाख रुपये

लखनऊ : आलमबाग कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक खाताधारक का मोबाइल फोन हैक कर महज दो मिनट में उसके बैंक खाते से 2 लाख 3 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। आलमबाग के सुजानपुरा निवासी देवेंद्र सिंह के अनुसार उनका बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा, पटेल नगर, आलमबाग शाखा में है। पीड़ित के मुताबिक, बीती 21 अगस्त की शाम करीब 8:20 बजे जालसाजों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया और देखते ही देखते उनके खाते से कुल 2,03,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए।

मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन का मैसेज आने के बाद उन्हें साइबर ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने उसी रात साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई और आलमबाग थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी।पीड़ित की शिकायत के आधार पर आलमबाग पुलिस ने मंगलवार को आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और बैंक ट्रांजेक्शन के साथ साइबर जालसाजों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.