अवैध असलहा लेकर घूमते दिखे तीन नकाबपोश, सीसीटीवी फुटेज वायरल

लखनऊ :  कृष्णानगर थाना क्षेत्र के विजय नगर अंतर्गत शुभम खेड़ा में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन संदिग्ध नकाबपोश युवकों का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया और एक्स पर वायरल हो गया। वायरल फुटेज में तीनों युवक संदिग्ध अवस्था में इलाके में घूमते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक एक मकान के बाहर तांकझांक करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे युवक के हाथ में तमंचे जैसा हथियार दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों संदिग्ध युवक सुबह तड़के इलाके में घूम रहे थे। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी गतिविधियां कैद हो गईं। बुधवार सुबह फुटेज सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और एक्स पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध युवकों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कृष्णानगर पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पी०के० सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इंस्पेक्टर पी०के० सिंह के मुताबिक, संदिग्धों को जल्द हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.