चेन स्नैचर से भिड़े सिपाही नवीन चौधरी, पत्थर की चोट भी नहीं डिगा पाई हिम्मत,पेश की कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल।

लखनऊ - रक्षाबंधन के पर्व पर लखनऊ के मड़ियांव ढाल से सामने आया एक ऐसा मामला, जिसने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत कर दिया। चेन स्नैचिंग के आरोपी को पकड़ने के दौरान घायल हुए यातायात आरक्षी नवीन चौधरी को उसी घटना की पीड़िता महिला ने राखी बांधकर भाई के रूप में सम्मान और आभार जताया।

बता दें कि आज 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मड़ियांव ढाल पर यातायात ड्यूटी में तैनात आरक्षी नवीन चौधरी ने एक महिला से चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी को देखा। उन्होंने तत्काल आरोपी का पीछा किया और अपनी जान की परवाह किए बिना उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने के दौरान आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए आरक्षी के चेहरे पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में उनकी नाक पर गंभीर चोट लगी और रक्तस्राव होने लगा। इसके बावजूद नवीन चौधरी ने आरोपी को नहीं छोड़ा और उसे पकड़कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं घायल आरक्षी को उपचार के लिए हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी नाक पर दो टांके लगाए गए। फिलहाल उनकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है।

आरक्षी के अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता को देखते हुए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा द्वारा उन्हें 10,000 रुपये के नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। साथ ही, उनके सराहनीय कार्य के लिए कमेंडेशन डिस्क प्रदान किए जाने हेतु नाम प्रस्तावित किया गया है। वहीं इसी बीच, चेन स्नैचिंग की पीड़िता, जो जनपद सीतापुर की निवासी हैं, ने रक्षाबंधन के अवसर पर आरक्षी नवीन चौधरी को राखी बांधी। महिला ने उनके साहस और तत्परता की सराहना करते हुए भाई के रूप में सम्मान और आभार व्यक्त किया। राखी बांधने का यह भावुक दृश्य पुलिस और जनता के बीच भरोसे और आत्मीयता की मिसाल बन गया। एक ओर आरक्षी ने ड्यूटी निभाते हुए महिला की सुरक्षा की, तो दूसरी ओर महिला ने रक्षाबंधन के दिन उन्हें भाई का सम्मान देकर उनके साहस को सलाम किया।

 

 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.