काकोरी मोड़ पर महिला ने की आत्महत्या, अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा

 लखनऊ : पारा थाना क्षेत्र के काकोरी मोड़ स्थित एक मकान में मंगलवार को करीब 45 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को दरवाजा खोलने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान छाया राठौर पत्नी स्वर्गीय संजय राठौर, निवासी काकोरी मोड़, थाना पारा, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका के पति की कुछ वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। वहीं, करीब दो वर्ष पहले उसके एक पुत्र ने भी आत्महत्या कर ली थी। वर्तमान में महिला अपनी 17 वर्षीय पुत्री के साथ रह रही थी। बताया गया कि घटना के समय उसकी पुत्री घर की छत पर थी। नीचे लौटने पर उसने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की स्थिति और कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है।

रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.