विधायक डॉक्टर नीरज बोरा की चिट्ठी से प्रशासन में मचा हड़कंप
लखनऊ। फैजुल्लागंज चतुर्थ वार्ड स्थित मामा कॉलोनी में गोमती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ जैसे भयावह हालात पैदा हो गए हैं। स्थानीय लोगों की समस्याओं को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने तुरंत संज्ञान लिया और उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधायक के पत्र का असर यह हुआ कि सो रहा प्रशासनिक अमला हरकत में आया और राहत-बचाव कार्य की कवायद तेज कर दी गई।
विधायक की चिट्ठी मिलते ही शाम होते-होते नगर निगम के आला अफसर सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता ने अपनी टीम के साथ मामा कॉलोनी में उतरकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। पानी के त्वरित निकास के लिए मौके पर तुरंत दो भारी-भरकम पंपिंग सेट लगवाए गए हैं, जिससे निकासी का काम तेजी से जारी है। बाढ़ के पानी के कारण जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा न फैले, इसके लिए पूरे इलाके में फॉगिंग तो कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने विशेष टीमों का गठन कर प्रभावित इलाके में चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मेडिकल इमरजेंसी सेवाएं दी जा सकें। इससे पूर्व, सदर के उपजिलाधिकारी साहिल कुमार ने तहसीलदार और लेखपालों की फौज के साथ क्षेत्र में दौरा कर स्थिति को परखा था। फिलहाल पूरी प्रशासनिक टीम बाढ़ के खतरे पर पैनी नजर बनाए हुए है।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह चौधरी
No Previous Comments found.