प्रतिष्ठित अखबार के नाम पर फेक चैनल बनाकर मुख्यमंत्री का फर्जी बयान वायरल आलमबाग थाने में FIR दर्ज
लखनऊ। राजधानी में साइबर अपराधियों ने हद पार करते हुए एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया चैनल बनाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फर्जी स्टेटमेंट वायरल कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आलमबाग पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की शिकायत हाईकोर्ट के अधिवक्ता आदेश कुमार बाजपेई ने आलमबाग थाने में लिखित तहरीर देकर की है। अधिवक्ता के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एनबीटी ऑनलाइन न्यूज चैनल ऐप के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया गया है। इस फर्जी अकाउंट से लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर मनगढ़ंत और भ्रामक बयान तैयार कर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि वायरल हो रहे इस फर्जी बयान का खंडन खुद एनबीटी ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल से किया है। वहीं संस्थान ने स्पष्ट किया है कि जिस अकाउंट से यह खबर प्रसारित हो रही है, वह उनका आधिकारिक अकाउंट नहीं है और प्रसारित किया जा रहा बयान पूरी तरह फर्जी व भ्रामक है। इस संबंध में आलमबाग इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर रविवार को आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले की पहचान की जा रही है। एनबीटी प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेरिफाइड अकाउंट से जारी खबरों पर ही भरोसा करें और किसी भी फर्जी खबर को फॉरवर्ड न करें।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.