ऑटो सवार महिला से पर्स लूट बाइक सवार बदमाश गली में घुसकर फरार आलमबाग में FIR
लखनऊ। राजधानी में बाइक सवार लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। आलमबाग थाना क्षेत्र में रविवार सुबह चलती ऑटो में बैठी महिला से पर्स छीनकर बदमाश फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के शाहाबाद निवासी रामवीर सिंह रविवार सुबह अपनी पत्नी माया सिंह के साथ हरदोई जाने के लिए ऑटो से चारबाग रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के निकट पहुंचा, एक बाइक पर सवार युवक ऑटो के करीब आया और झपट्टा मारकर महिला के हाथ से बैग छीन लिया। इसके बाद आरोपी बाइक सहित पास की गली में घुसकर फरार हो गया।
पीड़ित के अनुसार, छीने गए बैग में 10 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और एक सोने की अंगूठी रखी थी। घटना के बाद दंपति ने आलमबाग थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।आलमबाग थाना प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.