कृष्णानगर में 40 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी से चल रहा था दहेज प्रताड़ना का मुकदमा
लखनऊ : कृष्णानगर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर गली नंबर-5 में मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एक 40 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से फांसी के फंदे से झूल रहे अधेड़ व्यक्ति को एंबुलेंस के जरिए लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अजय गुप्ता पुत्र बैजनाथ गुप्ता, निवासी हरिओम नगर गली नंबर-5 के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अजय गुप्ता का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी रानी अपने मायके कौशांबी में रहती हैं। दोनों के बीच दहेज प्रताड़ना को लेकर मुकदमा भी चल रहा था। अजय गुप्ता का एक पुत्र श्रेयस गुप्ता है, जो उनके साथ रहता था।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.