सैलून संचालक ने बुटीक कारोबारी के गले पर कैंची से जानलेवा हमला कर फरार आरोपी गिरफ्तार।
लखनऊ। विकासनगर थाना क्षेत्र में पुरानी कहासुनी को लेकर सैलून संचालक ने बुटीक संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने रास्ते में अचानक सामने आकर धारदार कैंची से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को विकासनगर पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कैंची, खून के धब्बे लगी जींस और 270 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, कन्हई लाल पुरवा निवासी सुहेल अंसारी की तहरीर पर 11 सितंबर को विकासनगर थाने में आरोपी पंकज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, पंकज कुमार विकासनगर क्षेत्र में आर्या चौराहे के पास महादेव क्लासिक सैलून चलाता है। वहीं, उसके सैलून से कुछ दूरी पर मो. मुस्ताक उर्फ टिल्ली बुटीक का संचालन करते हैं। दोनों के बीच घटना से करीब दो-तीन दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
गली के मोड़ पर अचानक किया हमला
11 सितंबर की शाम करीब 5:30 से 6:30 बजे के बीच मो. मुस्ताक उर्फ टिल्ली मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि गली के मोड़ पर पंकज अचानक उनके सामने आ गया और धारदार कैंची से उनके गले पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी और जमीनी सूचनाएं जुटाईं। पुलिस टीम को मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान पंकज कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष, मूल निवासी सिधौली, सीतापुर और वर्तमान में सेक्टर-3 विकासनगर, लखनऊ के रूप में हुई।
खून के धब्बे वाली जींस और कैंची बरामद
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर को आरोपी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 270 रुपये नकद मिले। घटना के समय पहनी गई जींस पर खून के धब्बे पाए गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से फील्ड यूनिट की मदद से अन्य आवश्यक साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनुरूद्ध कुमार, उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी ऋषि कुमार तिवारी और आरक्षी शिवम यादव की टीम ने की।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.