कच्चे मार्ग की बदहाली दूर करने की पहल, गड्ढों में डाली जा रही राबिश
मोहनलालगंज : नगराम के कमलापुर-विचिलखा माइनर से कुबहरा गांव के बीच लंबे समय से बदहाल पड़े कच्चे मार्ग की हालत सुधारने का काम मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से शुरू कराया गया। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से राहगीरों और किसानों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।मंगलवार को पीडब्ल्यूडी की ओर से मजदूर लगाकर सबसे पहले सड़क के गड्ढों में भरे बरसात के पानी को बाहर निकालने के लिए जगह-जगह नालियां खोदी गईं। इसी बीच मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने से सड़क के गड्ढों में भरा पानी सूख गया। मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू होता देख राहगीरों और किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।सड़क की मरम्मत शुरू होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों को फोन कर मौके पर बुलाया। संगठन के पदाधिकारियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और सम्मान के तौर पर आलू भूनकर खिलाए।
मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार के निर्देश पर भाई जी के ईंट भट्ठे से राबिश मंगाई जा रही है। ट्रैक्टर-ट्राली से राबिश और ईंटों के टुकड़े लाकर सड़क के गड्ढों में डाले जा रहे हैं, जिससे मार्ग को समतल किया जा सके। कुछ देर बाद भट्ठे से ट्राली में भरकर राबिश मौके पर पहुंची और मजदूरों ने उसे गड्ढों में डालकर सड़क को समतल करने का काम शुरू कर दिया।मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के मेट ने ग्रामीणों को बताया कि सड़क पर राबिश डालकर समतलीकरण का काम करीब दो-तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क पर डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा। ग्रामीणों ने कार्य शुरू होने पर विभागीय अधिकारियों और संबंधित लोगों का आभार जताया।इस दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, तहसील अध्यक्ष रामकुमार यादव, ब्लॉक सचिव केशवराम लोधी, प्रधान पति रामकुमार, ब्रह्मादीन, विनोद कुमार, बुद्धि लाल, मनोज कुमार, घूरूलाल, रामस्वरूप, करण सिंह समेत दर्जनों किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : धीरज
No Previous Comments found.