अम्बालिका इंस्टीट्यूट में दो दिवसीय ‘यूथ पार्लियामेंट’ का भव्य समापन, मेधावियों को मिले पुरस्कार
लखनऊ : मोहनलालगंज स्थित अम्बालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (AIMT) के स्टूडेंट डेवलपमेंट काउंसिल (SDC) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘यूथ पार्लियामेंट- मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) कॉन्फ्रेंस’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। ‘वन वर्ल्ड, वन वॉयस, काउंटलेस परस्पेक्टिव्स’ थीम पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर छात्रों ने अपने विचारों का प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वाद-विवाद, कूटनीति, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।समापन समारोह की मुख्य अतिथि रामपुर खास, प्रतापगढ़ की विधायक एवं अम्बालिका इंस्टीट्यूट की उपाध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ रहीं। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से देश को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने की मानसिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें जॉब सीकर बनने के बजाय जॉब गिवर यानी रोजगार देने वाला उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नए विचारों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इन क्षमताओं का उपयोग देश और समाज के विकास के लिए किया जाए।कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BOG) के ट्रस्टी सुश्री नंदजा मिश्रा एवं श्री राघव मिश्रा मौजूद रहे। संस्थान के महानिदेशक प्रो. एस.क्यू. अब्बास, निदेशक प्रो. आशुतोष द्विवेदी एवं अपर निदेशक प्रो. श्वेता मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने यूथ पार्लियामेंट में छात्रों की सक्रिय भागीदारी और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।छात्रों ने दिखाई कूटनीतिक क्षमता दो दिनों तक चले मॉडल यूनाइटेड नेशंस सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की कूटनीतिक प्रक्रिया को समझने और उसे व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया। प्रतिभागियों ने तर्कपूर्ण संवाद, प्रभावी वक्तव्य, विषय की समझ और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन ने छात्रों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर भी दिया।उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित समापन समारोह के दौरान यूथ पार्लियामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आस्था अग्रवाल, अरुणा पाल, आदित्य राय और अखिल बाजपेयी को ‘एमयूएन विजेता’ (MUN Winners) पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान बेहतर मीडिया रिपोर्टिंग के लिए महिमा सिंह तथा उत्कृष्ट फोटोग्राफी के लिए नूर अख्तर को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। अतिथियों और संस्थान के अधिकारियों ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजन में शिक्षकों और छात्रों की रही अहम भूमिका
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन डीन एकेडमिक्स प्रो. अभिषेक मिश्रा एवं SDC कन्वीनर श्रीमती प्रिया वर्मा द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स सुश्री निदा इकबाल, सुश्री अरुणिमा सिंह एवं श्री अमित श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।समापन अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण, आयोजन से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। दो दिवसीय यूथ पार्लियामेंट के सफल आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नेतृत्व, संवाद, कूटनीति और वैश्विक मुद्दों को समझने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
रिपोर्टर : धीरज
No Previous Comments found.