झोपड़पट्टी के बाहर मौरंग पर मिला मजदूर का गला रेता शव, इलाके में मचा हड़कंप

लखनऊ। कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बरिगवां में रविवार देर रात एक मजदूर की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आज सोमवार सुबह झोपड़पट्टी के बाहर मौरंग के ढेर पर मजदूर का खून से लथपथ शव पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडीसीपी बसंथ कुमार रल्लापल्ली, एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर पी के सिंह समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। 

कृष्णानगर थाना क्षेत्र के पॉस इलाके में रॉयल आर्बिट वेज रेस्टोरेंट के बगल मोरंग के ढेर पर गला रेता हुआ युवक का आज सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान काकोरी के गोला कुआं गांव निवासी रामबाबू मौर्य (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि रामबाबू मौर्या पिछले करीब छह महीने से कृष्णानगर इलाके में मजदूरी करने आता था। पुलिस के मुताबिक रविवार रात रॉयल आर्बिट वेज रेस्टोरेंट के बगल खाली प्लाट में झोपड़पट्टी में रहने वाले शुभम की बेटी का जन्मदिन समारोह था। इस पार्टी में रामबाबू मौर्या भी आया हुआ था। पार्टी खत्म होने के बाद कुछ लोग शराब के नशे में थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के बाद रामबाबू मौर्या किसी व्यक्ति के साथ चला गया था। किंतु आज सुबह रामबाबू का खून से लथपथ गला रेता शव इसी झुग्गी झोपड़ी के सामने मिला।

मृतक रामबाबू की हत्या पार्टी के दौरान की गई या अन्य किसी स्थान पर हत्या कर शव यहां डाला गया वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस वारदात में शामिल लोगों की तलाश में जुटी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं हत्या की सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक रामबाबू के परिवार में पिता गोविंद प्रसाद, मां राजकुमारी, भाई लवकुश और श्याम बाबू, पत्नी पुष्पा तथा दो बेटियां लाडू और समीक्षा हैं। एडीसीपी बसंथ कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुछताछ की जा रही है। जल्द ही इस हत्याकांड में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा। 

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.