विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मिले डा. नीरज बोरा लंबित योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति और गति देने का किया अनुरोध

लखनऊ। राजधानी की उत्तर सीट से विधायक डा. नीरज बोरा ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं एवं जनहित के विषयों पर चर्चा की। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र गति देने तथा आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करने का अनुरोध किया। डा. बोरा ने राज्य अवस्थापना मद से लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शासन को भेजे गए विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृति देने का आग्रह किया। साथ ही फैजुल्लागंज की बड़ी आबादी के लिए अमृत-2 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित पेयजल एवं सीवर परियोजनाओं को आगामी एसएलटीसी में स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया। उन्होंने लखनऊ उत्तर में नवनिर्मित पचास बेड के अस्पताल के लोकार्पण तथा फैजुल्लागंज में स्वीकृत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री से समय प्रदान करने का आग्रह किया। लंबे समय से प्रस्तावित राजकीय आईटीआई के निर्माण को भी शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग रखी।

मड़ियांव क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए डा. बोरा ने जानकीपुरम के स्थान पर आईआईएम रोड स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निकट नवीन बस अड्डा स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया। साथ ही आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत संझिया घाट एवं झूलेलाल घाट पर सफाई, प्रकाश, मरम्मत, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने तथा झूलेलाल वाटिका में स्थायी सामुदायिक शौचालय के निर्माण का भी अनुरोध किया। विधायक डा. बोरा ने मड़ियांव की हाल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मृतक मदन बिहारी तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता तथा उनके परिजन को योग्यता के अनुरूप सरकारी सेवा प्रदान किए जाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह भी किया।

डा. बोरा ने बहुप्रतीक्षित प्रबंध नगर योजना को आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व लांच करने तथा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर - मेकेश सिंह चौधरी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.