दूध लेने निकले बुजुर्ग पर दबंग पड़ोसियों ने किया जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
लखनऊ। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के प्रेमनगर आलमबाग में दूध लेने निकले एक बुजुर्ग पर मोहल्ले के ही पिता-पुत्र द्वारा लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कृष्णा नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। पीड़ित प्रेमनगर निवासी जगदीश प्रसाद पांडेय पुत्र स्व. श्रीपाल पांडेय के अनुसार, 14 सितंबर की शाम लगभग 6 बजे वह घर से दूध लेने निकले थे।
आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले सूर्य प्रकाश अग्निहोत्री उर्फ टिर्रू और उसका बड़ा पुत्र उन पर छींटाकशी करते हुए गाली-गलौज करने लगे।विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी के बड़े बेटे ने उनकी गर्दन पर पैर रखकर दबाना शुरू कर दिया। अचेत होने की स्थिति में मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित का कहना है कि वह आरोपी पिता-पुत्र से भयभीत हैं। उनके अनुसार आरोपी का बड़ा पुत्र अपराधी किस्म का व्यक्ति है और उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उन्हें व उनके परिवार को जान-माल का खतरा है। इस संबंध में कृष्णा नगर पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सोमवार को मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.