आशियाना पुलिस का बड़ा खुलासा: दो महिलाओं से चेन झपटने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लूटी गई चैन और बाइक बरामद

लखनऊ। आशियाना थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई दो पीली धातु की चैन, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल UP32PR5996 और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 11 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर एन निवासी महिला के साथ हुई थी। महिला के गले से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश सोने की चैन झपटकर फरार हो गए थे। मामले में मुकदमा संख्या 235/2026 दर्ज किया गया था। वहीं दूसरी वारदात 3 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है, जब रॉयल सिटी निवासी महिला के गले से पल्सर सवार दो बदमाशों ने सोने की चैन झपट ली थी। इस मामले में मुकदमा संख्या 238/2026 दर्ज किया गया था।

दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक मनीष सिंह और उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव ने पुलिस बल के साथ रमाबाई अंबेडकर मैदान रैली स्थल रोड से दो चेन स्नैचरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शनि कश्यप उर्फ गोलू, उम्र 28 वर्ष और अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर उर्फ बालू, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।

आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार शनि कश्यप आशियाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट व गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से दो पीली धातु की चैन, पल्सर मोटरसाइकिल UP32PR5996 और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं ।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.