रिश्तेदार ने साथियों संग युवक को कार में बैठाकर पीटा नाक-आंख पर गंभीर चोट
लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी के विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्तेदार अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और युवक को कार में बैठाकर उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना में युवक की नाक और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोसाईंगंज निवासी चंद्रकांत वर्मा पुत्र लक्ष्मीकांत वर्मा के अनुसार, वह 29 अगस्त को जरूरी काम से बंगला बाजार आया था। इसी दौरान उसके रिश्तेदार हेमंत वर्मा ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। चंद्रकांत ने उसे महाकाल पूजा, बंगला बाजार की लोकेशन बताई। आरोप है कि कुछ देर बाद हेमंत वर्मा अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और चंद्रकांत को अपनी कार में बैठा लिया। पीड़ित के मुताबिक, कार में उसके साथ गाली-गलौज की गई और हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद हेमंत के कहने पर उसके दोनों साथियों ने चंद्रकांत की जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट में चंद्रकांत की नाक और आंख पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि घायल हालत में उसे छोड़कर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। होश में आने के बाद पीड़ित ने कंट्रोल नंबर पर सूचना दी और आशियाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर बुधवार को गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर — राजेश वर्मा
No Previous Comments found.