पीजीआई का गंदा पानी सई नदी में गिरने का विरोध, भंवरेश्वर में सड़क जाम कर प्रदर्शन

निगोहां। सई नदी में बांक नाले के जरिए गंदा पानी गिरने के विरोध में रविवार को  भंवरेश्वर महादेव मंदिर परिसर के पास ग्रामीणों और गौ रक्षक दल ने सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया। गौ रक्षक दल के नेता अंशुमान सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थक भंवरेश्वर स्थित सई नदी के पुल पर बैठ गए। इससे लखनऊ-रायबरेली हाईवे से जुड़े मौरावां-उन्नाव मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पीजीआई सहित बड़े अस्पताल क्षेत्र से निकलने वाला गंदा पानी बांक नाले के जरिए मोहनलालगंज होते हुए मकरहा कुंड में आकर सीधे सई नदी में गिर रहा है। इससे नदी की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। भंवरेश्वर मंदिर क्षेत्र में सई नदी का धार्मिक महत्व है। यहां रोज श्रद्धालु स्नान व पूजा करते हैं और गणपति विसर्जन के लिए भी बड़ी संख्या में लोग यहीं आते हैं, लेकिन गंदे पानी से नदी प्रदूषित हो रही है।
सूचना पर बछरावां और रायबरेली पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को समझाने के दौरान पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई। वहीं गणपति विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को परेशानी होते देख पुलिस के अनुरोध पर प्रदर्शनकारी सड़क किनारे हट गए, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

धरने में शामिल हरिओम चतुर्वेदी ने कहा कि प्रशासन इस नाले को सई नदी में न छोड़े और इसके पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करे। गौ रक्षक दल नेता अंशुमान सिंह ने कहा कि यह विरोध निरंतर जारी रहेगा और मांग न मानी गई तो वह मुख्यमंत्री कार्यालय पर डेरा डालेंगे।

रिपोर्टर - धीरज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.