लखनऊ में रिकवरी एजेंटों की दरिंदगी युवक को अगवा कर खून निकालकर बेचा 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के निगोहां में फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। मोबाइल की महज 2799 रुपये की किस्त जमा न करने पर एक युवक को अगवा कर 4 दिन तक बंधक बनाकर रखा, जबरन उसका खून निकलवाकर बेच दिया और घर की छत का प्लास्टर तुड़वाने की मजदूरी कराई।

इस सनसनीखेज मामले में निगोहां पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी और 25 हजार के इनामी शुभम सिंह को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और JCP अपराध अपर्णा कुमार के निर्देश पर DCP दक्षिणी मो. मुश्ताक के नेतृत्व में गठित 3 टीमों ने 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी को दबोचा। इससे पहले दो आरोपियों को 17 सितंबर को ही जेल भेजा जा चुका है।

मां ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट

थानाध्यक्ष रवीन्द्र कुमार के अनुसार, राजारामखेड़ा निवासी जदुराई ने 14 सितंबर को तहरीर दी थी कि उनके बेटे नेवल कुमार के मोबाइल की किस्त बकाया थी, जिस कारण TVS क्रेडिट सर्विसेज लिमिटेड, विभूतिखंड में तैनात फील्ड एजेंट शुभम सिंह, मैनेजर सुशांत शर्मा और अनिकेत सिंह उर्फ काका ने उसे गांव के बाहर से उठा लिया। आरोपियों ने 4 दिन तक बंधक बनाकर मारपीट की, समाधान चैरिटेबल ब्लड सेंटर ले जाकर जबरन 1 यूनिट खून निकलवाया और उसी ट्रस्ट को बेचकर पार्टी की। बंधक बनाकर उससे छत का प्लास्टर तुड़वाने की मजदूरी कराई और ऑनलाइन किस्त भी वसूल ली।


रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.