राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 16 अक्टूबर को मतदान
लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से राज्यसभा की 11 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव कराने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल में एक सीट सदस्य के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि प्रत्याशी 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
16 अक्टूबर को होगा मतदान
राज्यसभा की इन सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को 19 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने का कार्यक्रम निर्धारित किया है।
पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की एक सीट सदस्य रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के कारण 16 जुलाई 2026 को रिक्त हुई है। इस सीट का कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक निर्धारित था। इस रिक्त सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को ही उपचुनाव कराया जाएगा।
मतदान में विशेष पेन का इस्तेमाल
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतपत्र पर वरीयता क्रम अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से उपलब्ध कराया गया निर्धारित विनिर्देश वाला इंटीग्रेटेड वायलेट रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा किसी अन्य पेन से वरीयता अंकित करने की अनुमति नहीं होगी।
आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया की करीबी निगरानी हेतु पर्यवेक्षकों की नियुक्ति समेत पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.