प्रो. सी.के. दीक्षित लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल के सदस्य नियुक्त

लखनऊ : डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (DSMNRU) के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन एवं भौतिक विज्ञान के प्रोफेसर प्रो. सी.के. दीक्षित को लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी द्वारा की गई है। प्रो. दीक्षित देश-विदेश में अपने शोध एवं अकादमिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित नाम हैं। उन्हें FRSC (Fellow of the Royal Society of Chemistry) से सम्मानित किया जा चुका है। उनका नाम विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों तथा शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूचियों में भी शामिल रहा है। प्रो. दीक्षित के नाम 250 से अधिक शोध-पत्र, 40 पुस्तकें तथा 45 पेटेंट दर्ज हैं। विज्ञान एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें विभिन्न शैक्षणिक एवं अकादमिक संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी मिली हैं। वे जगत गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट की जनरल काउंसिल के सदस्य भी रह चुके हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल में उनकी नियुक्ति को उनके लंबे शैक्षणिक, शोध एवं अकादमिक अनुभव के दृष्टिगत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह, कुलसचिव रोहित सिंह, वित्त अधिकारी श्री निवास त्रिपाठी, डीन एकेडमिक प्रो. वी.के. सिंह, प्रो. राजीव नयन, प्रो. बिरोदाय सहित फैकल्टी के सदस्यों एवं कर्मचारियों ने प्रो. सी.के. दीक्षित को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. दीक्षित का व्यापक शोध अनुभव और अकादमिक योगदान लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों को नई दिशा देने में उपयोगी साबित होगा।

रिपोर्टर : अर्पित कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.