किराएदार को धकेलकर फ्लैट पर ताला जड़ा, दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में फ्लैट पर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने अपार्टमेंट में रह रही किरायेदार को बाहर निकालकर जबरन ताला लगा दिया। मूल रूप से नटखेड़ा रोड निवासी हरीश कुमार के कानपुर रोड स्थित एपी अपार्टमेंट में दो फ्लैट 102 और 301 हैं। उन्होंने फ्लैट नंबर 301 बीते पांच वर्षों से दीपा सिंह को किराए पर दे रखा है। आरोप है कि 19 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी भाभी रेखा मलानी और एक युवती बानी बिना सूचना फ्लैट पर पहुंचीं और किरायेदार को धकेलते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फ्लैट के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर हाथ से लिखा नोटिस चस्पा कर दिया कि यह फ्लैट उनका है। मौके पर मौजूद लोगों ने ताला तोड़कर किरायेदार को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। कृष्णानगर इंस्पेक्टर ने बताया कि फ्लैट मालिक की तहरीर पर दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.