ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल में नवीन आकस्मिक चिकित्सा भवन का शिलान्यास

लखनऊ : राजधानी के ठाकुरगंज स्थित टी.बी. सह संयुक्त चिकित्सालय में नवीन आकस्मिक चिकित्सा भवन के निर्माण हेतु आज मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने  शिलान्यास कर भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक डॉ. जी.पी. गुप्ता तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। शिलान्यास के दौरान विधायक डॉ. नीरज बोरा ने अपने संबोधन में  कहा कि नवीन आकस्मिक चिकित्सा भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, क्षेत्रीय विधायक के प्रयासों से नवीन आकस्मिक चिकित्सा भवन का निर्माण कराया जा रहा है। नए भवन के तैयार होने से अस्पताल की आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को भी कार्य करने के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

नवीन आकस्मिक चिकित्सा भवन का निर्माण कार्यदायी संस्था यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जाएगा।

कार्यक्रम में पार्षद सी.बी. सिंह, मंडल अध्यक्ष दया पांडेय, अनूप सिंह, सतीश शर्मा, जे.पी. मिश्रा, सुशील तिवारी, विशाल गुप्ता, जीवन लाला, उषा अग्रवाल, दुर्गेश पाण्डेय, रितेश कन्नौजिया, ऋषि कपूर, कृपा शंकर मिश्रा, सौरभ मिश्रा सहित अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.