लखनऊ में लाइसेंसी शस्त्र विक्रेताओं के साथ पुलिस की बैठक, नियमों के पालन पर जोर
लखनऊ : पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से शुक्रवार को लाइसेंसी शस्त्र विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में आर्म्स डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारी और लाइसेंसी शस्त्र विक्रेता मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य विक्रेताओं की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ शस्त्रों और कारतूसों के सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन को सुनिश्चित करना रहा। बैठक में अधिकारियों ने शस्त्र एवं कारतूसों की खरीद-बिक्री से संबंधित सभी अभिलेख निर्धारित नियमों के अनुसार अद्यतन रखने के निर्देश दिए। स्टॉक रजिस्टर समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में किसी तरह की विसंगति नहीं रखने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज अथवा अनुमति के किसी भी शस्त्र या कारतूस की खरीद-बिक्री नहीं की जाए। शस्त्रों के क्रय-विक्रय और हस्तांतरण से जुड़े सभी कानूनी प्रावधानों का पालन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए। विक्रेताओं को दुकानों में शस्त्र एवं कारतूसों का भंडारण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने, अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण या सत्यापन के दौरान आवश्यक अभिलेख पुलिस एवं प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध लेन-देन अथवा शस्त्र-कारतूस के दुरुपयोग की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। पुराने और निष्क्रिय स्टॉक का रिकॉर्ड भी अद्यतन रखने पर जोर दिया गया। बैठक में लखनऊ के सभी लाइसेंसी शस्त्र विक्रेताओं के साथ इन बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार कर अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही भविष्य में समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.